मार्च 2027 तक पूरा होगा कानपुर मेट्रो का विस्तार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसी कड़ी में औद्योगिक नगरी कानपुर में विकसित हो रही मेट्रो परियोजना तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है।
सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के तहत 15.4 किमी सेक्शन पर मेट्रो सेवा पहले से संचालित है, जबकि शेष हिस्से का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बारादेवी से नौबस्ता तक पांच एलिवेटेड स्टेशनों का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और यहां जनवरी 2026 से ट्रेन टेस्टिंग व ट्रायल रन जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस सेक्शन में जल्द ही यात्री सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।
वहीं, झकरकट्टी से ट्रांसपोर्ट नगर के बीच दो अंडरग्राउंड स्टेशनों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है। अप लाइन में ट्रैक बिछाया जा चुका है, जबकि डाउन लाइन में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए यूनिवर्सिटी से बर्रा तक लगभग 8.6 किमी लंबे रूट पर निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है। रावतपुर से डबल पुलिया तक तीन भूमिगत स्टेशनों की खुदाई और टनलिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि एलिवेटेड सेक्शन में पांच स्टेशनों का निर्माण प्रगति पर है। इस कॉरिडोर को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद कानपुर को आधुनिक, तेज और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में कमी आएगी तथा औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।





