Breaking News

मुंबई के सामने ईशान, हार्दिक और सूर्य के बीच मुकाबला

मुंबई, अभी तक केवल दिल्ली कैपिटल्स ने ही अपने चार खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जबकि डेडलाइन 30 नवंबर नज़दीक है। मुंबई इंडियंस के सामने ईशान किशन, हार्दिक पांड्या या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को रखने की चुनौती होगी।

मुंबई इंडियंस: कप्तान रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह का रिटेन होना पक्का है और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस कीरोन पोलार्ड को भी रिटेन कर सकती है, जो उनकी फ़्रेंचाइज़ी के सबसे ख़ास खिलाड़ी रहे हैं। वहीं चौथे स्थान के लिए तीन खिलाड़ियों के बीच रेस है : इशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या।हार्दिक 2018 की नीलामी में रिटेन किए गए चार खिलाड़ियों में से एक थे, लेकिन 2021 आईपीएल में वह फ‍़िटनेस से जूझते दिखे। फ़िलहाल भारतीय चयनकर्ता अभी कुछ समय तक उन्हें चयन से दूर रखेंगे, जिससे वह गेंदबाज़ी के साथ पूरी फ‍़िटनेस को पा सकें। मुंबई के लिए किशन भी अहम हैं क्योंकि वह आक्रामक बल्लेबाज़ हैं और कीपिंग भी कर सकते हैं। वह युवा भी हैं। वहीं सूर्य ने दिखाया है कि वह अपना प्रभाव जल्दी छोड़ते हैं और पारी को अच्छे से एंकर करते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स: मौजूदा चैंपियन अपने चार खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए तैयार हैं, जिसमें से तीन भारतीय तिकड़ी एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा और ऋतुराज गायकवाड़ हैं। चौथे स्थान को लेकर सवाल हैं, जिसमें मोईन अली, जॉश हेज़लवुड, सैम करेन और ड्वेन ब्रावो का नाम है। एक और मुद्दा धोनी का रिटेन होना होगा, क्योंकि इससे उनके नीलामी पर्स पर फ़र्क पड़ेगा। चेन्नई धोनी को रखना चाहती है, जो उनके 2008 से कप्तान और पहले रिटेनर खिलाड़ी भी हैं। इसका मतलब है कि उनके पर्स से 16 करोड़ कम हो जाएंगे। हालांकि फ़्रेंचाइज़ी के पास एडवांटेज़ यह है कि अगर पूर्व भारतीय कप्तान 2022 आईपीएल के बाद संन्यास ले लेते हैं तो 2023 में फ़्रेंचाइज़ी के पास एक मज़बूत पर्स होगा। हालांकि यह भी पता चला है कि धोनी कम पैसों में भी रिटेन होने को तैयार हैं, जिससे कि दूसरे खिलाड़ियों को अच्छा पैसा मिल सके।

कोलकाता नाइट राइडर्स: सुनील नारायण और आंद्रे रसेल रिटेन होने वाली सूची में सबसे आगे हैं। केकेआर वरुण चक्रवर्ती को भी रिटेन करने की इच्छुक है, जिन्होंने पिछले दो सत्रों से टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चौथे स्थान के लिए वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी के बीच रेस होगी। गिल और अय्यर में से किसी एक को चुनना आसान नहीं होगा, क्योंकि दोनों ही खिलाड़ी व्यक्तिगत तौर पर मज़बूत और अलग हैं। केकेआर को गिल में कप्तानी का ज़ज्बा दिखता है और अय्यर ने हाल ही के सीज़न में अहम प्रभाव छोड़ा था। इसकी वजह से ही वह न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ घरेलू टी20 सीरीज़ में भारतीय टीम में डेब्यू भी कर पाए थे।भारतीय क्रिकेट में ज़्यादा तेज़ गेंदबाज़ी हरफ़नमौला खिलाड़ी भी नहीं है और बल्लेबाज़ के तौर पर भी अय्यर बहुत मज़बूत हैं। त्रिपाठी ने भी दिखाया है कि वह हंसते हुए किसी भी स्थान पर बल्लेबाज़ी कर सकते हैं।