यशवंत सिन्हा के चुनाव के लिए विपक्ष ने बनाई प्रचार अभियान समिति

नयी दिल्ली,  विपक्षी दलों ने अपने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के चुनाव प्रचार के लिए प्रचार समिति का गठन किया है जिसमें 10 दलों के सदस्यों को शामिल किया गया है।

यशवंत सिन्हा के नामांकन पत्र भरने के बाद सोमवार को यहां आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विपक्षी दलों द्वारा बनाई गई इस समिति के गठन की जानकारी पत्रकारों को दी गई। समिति में जिन 10 दलों के नेता शामिल हैं, उनमें कांग्रेस के जयराम रमेश, द्रमुक के तिरुचि शिवा, तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर राय, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल, तेलंगाना राष्ट्र समिति के रंजित रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा तथा शिव सेना के एक प्रतिनिधि के साथ ही सिविल सोसाइटी के सुधेंद्र कुलकर्णी शामिल हैं।

यशवंत सिन्हा ने संवाददाताओं के सवाल पर कहा कि वह कल से ही राज्यों में अपना प्रचार शुरू कर देंगे और अपने प्रचार अभियान की शुरुआत वह केरल से करेंगे। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है। भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की तरफ से द्रौपदी मुर्मू ने दो दिन पहले ही राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन पत्र भरा है।

Related Articles

Back to top button