Breaking News

यूपी में गलन और ठिठुरन भरी सर्दी जारी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बदली छायी होने और बर्फीली हवा चलने से ठिठुरन भरी ठंड जारी है। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर मण्डलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट आयी। इस अवधि में वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, मुरादाबाद तथा झांसी मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान उरई और मुरादाबाद में दर्ज किया गया जो 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

अधिकतम तापमान में हो रही गिरावट की वजह से काफी ठण्ड महसूस की जा रही है। ज्यादातर स्थानों पर चटख धूप नहीं निकलने के कारण गलन बरकरार है। पिछले 24 घंटे के दौरान मुरादाबाद राज्य का सबसे ठण्डा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान भी इसी तरह ठंड जारी रहने और अनेक स्थानों पर घना कोहरा रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर शीतलहर भी चल सकती है।

हाथरस जिले में आज घने कोहरे के कारण एक परिवार के लोगों की कार और बस की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा सात अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गये। ये लोग हरिद्वार से गंगा स्नान करके कार से लौट रहे थे।