Breaking News

यूपी में फुटबॉल के लिए समर्पित होंगे एक हजार खेल के मैदान: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में एक हजार मैदान फुटबॉल को समर्पित किये जायेंगे।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच मैच से पहले योगी ने कहा कि प्रदेश में 57 हजार ग्राम पंचायतों में एक-एक खेल का मैदान बनाया जा रहा है। इसके अलावा 825 विकासखंडों में एक-एक मिनी स्टेडियम और सभी 75 जनपदों में एक-एक स्टेडियम बनाने का काम प्रगति पर चल रहा है। भारतीय फुटबॉल संघ की अपेक्षा के अनुसार प्रदेश में एक हजार फुटबॉल के खेल के मैदान भी विकसित किए जाएंगे।

उन्होने कहा “ फुटबॉल संघ ने सभी जनपद और 18 मंडल में एक-एक स्टेडियम फुटबॉल के लिए समर्पित करने की अपेक्षा की है। हम उन्हें बता दें कि सरकार भी यह चाहती है ताकि खेल और खेलकूद की गतिविधियां आगे बढ़ें। खेल जगत में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और हॉकी के मशहूर खिलाड़ी केडी सिंह बाबू उत्तर प्रदेश की ही माटी के सपूत थे। इस स्टेडियम का नाम भी केडी सिंह बाबू के नाम पर ही रखा गया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश ने फुटबॉल की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”

इस अवसर पर मंत्री गिरीश यादव, भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे, उत्तर प्रदेश क्रीड़ा भारतीय के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य मोहसिन रजा, यूपी खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह आदि उपस्थित रहे।