Breaking News

यूपी में भारी बारिश से छह जिलों में गिरे तमाम घर, 20 मरे कई घायल

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश में लखनऊ सहित आधा दर्जन जिलों में कच्चे मकान या अन्य निर्माणकार्य ढहने से लगभग दो दर्जन लोगों की मौत हो गयी और करीब इतने ही लोग घायल हुए हैं।

डरा देने वाली इन घटनाओं का सिलसिला शुक्रवार को सूबे की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ, जब सुबह साढ़े सात बजे शहर में एक निर्माणाधीन दीवार के ढहने से नौ लोगों की मौत हो गयी। इस हादसे मेें मारे गये सभी नौ मृतक और दाे घायल झांसी जिले के निवासी हैं, जिनका ताल्लुक आदिवासी समुदाय से हैं।

इस घटना के थोड़ी देर बाद ही झांसी में दो मंजिला मकान ढहने से एक व्यक्ति की मौत होने और दो अन्य के घायल होने की जानकारी प्रशासन द्वारा दी गयी। इसके बाद उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली, प्रयागराज तथा सीतापुर में भी मकान ढहने की घटनाओं की सूचना एक एक कर आती गयी।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, झांसी, रायबरेली, प्रयागराज तथा सीतापुर में अतिवृष्टि केे कारण हुयी जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा जनपद कन्नौज में आकाशीय बिजली गिरने तथा जनपद सोनभद्र में सर्पदंश से भी जनहानि होने पर योगी ने दुख व्यक्त कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जतायी। उन्होंने इन घटनाओं में मारे गये लोगों के परिजनों मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिये।

सरकार के राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराये गये विवरण के अनुसार प्रदेश के छह जिलों में मकान या दीवार ढहने की घटनाओं में 22 लोगों की मौत हुयी। इनमें जनपद लखनऊ में दीवार ढहने से 09 लोगाें के मारे जाने के अलावा उन्नाव में 05, फतेहपुर में 03, झांसी में 01, रायबरेली में 01, प्रयागराज में 02 तथा सीतापुर में 01 व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि हुयी है। इसके अलावा जनपद कन्नौज में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 01 व्यक्ति की मौत हो गयी। वहीं, जनपद सोनभद्र में जहरीले सांप के काटने से मां और बेटी की मौत होने की जानकारी मिली है।

प्राप्त विवरण के अनुसार जनपद लखनऊ में दीवार ढहने की घटना में 02 लोग घायल हुए। वहीं झांसी में 01, रायबरेली में 03 व्यक्तियों तथा जनपद कुशीनगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 04 तथा जनपद सोनभद्र में सांप काटने से 01 व्यक्ति के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है। भारी बारिश के कारण हुई घटनाओंं में जनहानि के साथ पशुधन की हानि भी हुयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद फतेहपुर में 05, जनपद अमेठी में 02 तथा जनपद मऊ में 01 पशु की मौत हुयी है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में प्रशासन को अगले 48 घंटों में भारी बारिश होने की चेतावनी का हवाला देते हुए आपदा जनित किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के हरसंभव उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।