राजनाथ सिंह से मिले बीबीएयू के कुलपति , विश्वविद्यालय की प्रगति पर हुई चर्चा

लखनऊ, बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रो. मित्तल ने रक्षा मंत्री को विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, नई पहल तथा चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।

इस अवसर पर राजनाथ ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा समाज के प्रति विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका जैसे विषयों पर भी सकारात्मक और सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अवसर मिल सकें।

Related Articles

Back to top button