राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित

नयी दिल्ली, संसद के विस्तारित बजट सत्र के संपन्न होने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही शनिवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गयी। सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद बजट सत्र के संपन्न होने की घोषणा करते हुए अपने समापन वक्तव्य में बजट सत्र के दौरान सदन में हुए महत्वपूर्ण कामकाज की जानकारी दी और फिर सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी।

सभापति ने कहा कि बजट सत्र की शुरूआत राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई थी और बाद में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। उन्होंने कहा कि सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सार्थक चर्चा हुई और बाद में बजट पारित किया गया।
श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सत्र के दौरान भारत -अमेरिका व्यापार समझौते तथा पश्चिम एशिया की स्थिति पर सरकार की ओर से महत्वपूर्ण वक्तव्य दिये गये। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किये गये और 50 निजी विधेयक पेश किये गये। सदन की कार्यवाही कुल 157 घंटे और 40 मिनट तक चली। सत्र के दौरान सदन में 117 प्रश्न पूछे गये और 207 विषय विशेष उल्लेख के दौरान उठाये गये।

उन्होंने कहा कि इसी सत्र में श्री हरिवंश को तीसरी बार उच्च सदन का उप सभापति चुना गया। इसी सत्र में राज्यसभा के 59 सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें विदायी भी दी गयी।

बजट सत्र दो चरणों में हुआ और पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक तथा दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल को पूरा हुआ। इसके बाद महिला शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए विधेयक पर चर्चा के वास्ते बजट सत्र की विस्तारित बैठक 16 से 18 अप्रैल तक हुई।

Related Articles

Back to top button