Breaking News

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने रामलला के किये दर्शन

अयोध्या, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने बुधवार को यहां मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर दिव्य व भव्य बन रहे राम मंदिर में विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान रामलला के आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि के मुख्य पुजारी सत्येन्द्र दास, गोपाल दास एवं तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा मौजूद थे।

इससे पहले राष्ट्रपति ने प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में जाकर मत्था भी टेका फिर वहां से सीधे श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन किया तथा भव्य और दिव्य बन रहे राम मंदिर का बारीकी से अवलोकन भी किया।

राष्ट्रपति ने कुबेर टीले पर बने शिव मंदिर का भी वहां जाकर दर्शन-पूजन किया। सरयू सलिला की संतों के द्वारा मंत्रोच्चारण से आरती किया। सरयू सलिला में आरती के दौरान संतों ने रामनामा ओढ़ाया। उनके साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को भी रामनामी उढ़ाया गया। सरयू सलिला में सुरक्षा के कड़े प्रबंध थे। श्रीमती मुर्मू के साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी सरयू सलिला की आरती और पूजा किया। राष्ट्रपति ने सरयू नदी में चुनरी और फूल तथा दूध भी चढ़ाया।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन से लेकर प्रदेश के उच्च अधिकारी अयोध्या में मौजूद थे। उनकी सुरक्षा कड़ी थी। उनके आगमन को लेकर महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं। अयोध्या के सारे चौराहों व तिराहों पर पुलिस की तैनाती थी।

इससे पहले महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने किया। इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।