लखनऊ में डॉक्टरों ने महिला के पेट से निकाला 20 किलो का ट्यूमर

लखनऊ, लखनऊ स्थित बलरामपुर अस्पताल के सर्जन और डॉक्टरों की टीम ने मंगलवार को सर्जरी कर एक महिला के पेट से 20 किलो का ट्यूमर निकालने में सफलता पाई है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला अब पूरी तरह से स्वस्थ है। डाॅक्टरों ने दावा किया है कि इस तरह का जटिल ऑपरेशन करके पहली बार इतना बड़ा ट्यूमर निकाला गया है।

फैजाबाद निवासी रामधीरज की पत्नी शैलेश कुमारी (45) के पेट में सूजन व दर्द, भूख न लगना, कमजोरी की शिकायत थी। पेट बहुत फूला हुआ था। परिवारीजन बलरामपुर अस्पताल की ओपीडी में 10 सितंबर को पहुंचे। यहां सर्जन डाॅ. एसके सक्सेना ने महिला को देखा। आवश्यक जांच के दौरान पता चला कि महिला के पेट मे बड़ा ट्यूमर है। जांच करके तुरंत ही महिला मरीज को भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को परिवारीजनों ने फैजाबाद, लखनऊ के कई अस्पतालों में दिखाया था, लेकिन वहां से कोई लाभ नहीं मिला।

डाॅ. एसके सक्सेना ने बताया कि महिला को खून की कमी थी। इसलिए पहले खून चढ़वाया गया। फिर सारी तैयारी करके मंगलवार को ऑपरेशन किया गया। करीब ढाई घंटे ऑपरेशन चला। सर्जन डाॅ. एसके सक्सेना के अलावा जेआर डाॅ. श्रीनाथ, नर्सिंग ऑफिसर उर्मिला व अंजना समेत पूरी टीम ने ऑपरेशन में कड़ी मेहनत की।

डाॅ. सक्सेना ने बताया कि ढाई घंटे चले ऑपरेशन में कई टुकड़े करके ट्यूमर को बाहर निकाला गया। इतने वजन के ट्यूमर की वजह से महिला के खाने की नली, छोटी व बड़ी आंत, लैट्रिन का रास्ता, पेशाब की थैली दबी हुई थी। ऑपरेशन के दौरान सभी अंगों को सुरक्षित करते हुए सावधानी से ट्यूमर निकालने में सफलता पाई गई। ट्यूमर में ठोस और द्रव्य दोनों अवयव थे। मरीज अभी भर्ती है। पहले से स्वास्थ्य में सुधार है।

Related Articles

Back to top button