Breaking News

लोकसभा चुनाव में जनता के सामने नहीं टिक पायेगी भाजपा: अखिलेश यादव

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने  कहा कि कार्यकर्ता एकजुटता से भाजपा के अन्याय का हर स्तर पर संगठित होकर मुकाबला करें। भाजपा की कोई भी ताकत 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सामने टिक नहीं सकती है।

पार्टी मुख्यालय लखनऊ में एकत्र पार्टी नवनिर्वाचित स्थानीय निकाय चेयरमैन, सभासदों, वकीलों तथा प्रमुख नेताओं को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा है कि भाजपा सत्ता के दुरुपयोग और बेईमानी से चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करने की कोशिश करने की साजिश तो कर सकती है पर समाजवादियों की ताकत हर तरह से भाजपा से ज्यादा है। कार्यकर्ता और नेता अपनी ताकत पहचाने, वे एकजुट होकर भाजपा का हर स्तर पर मुकाबला करे। भाजपा ढलान पर है। भाजपा समाज में बिखराव पैदाकर छल बल से और षड्यंत्र के द्वारा लोकतंत्र पर जबरन कब्जा कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ एकजुट हो जाएगी तो उसके सामने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा टिक नहीं पाएगी। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किये। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। चारों तरफ अराजकता है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से अर्थव्यवस्था चौपट हो गयी है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों को फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल पाया है। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। भाजपा पूंजीपतियों की हितैषी और गरीब विरोधी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को उसके अहंकार, भ्रष्टाचार और झूठे वादों का करारा जवाब देगी।