Breaking News

वनाग्नि को लेकर सरकार ठोस कार्य योजना तैयार कर रही है: मुख्यमंत्री धामी

अल्मोड़ा/नैनीताल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि वनाग्नि को रोकने के लिए उनकी सरकार ठोस योजना बना रही है।
मुख्यमंत्री आज अल्मोड़ा के दौरे पर आये। उन्होंने लमगड़ा में वनाग्नि से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस साल आग से काफी नुकसान हुआ, लेकिन अब वनाग्नि नियंत्रण में है।

इस वर्ष वानाग्नि से बहुत चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन स्थानीय लोगों एवं वन महकमे के प्रयासों से हालत काबू में हैं। उन्होंने कहा कि बारिश होने से काफी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वनाग्नि जैसी स्थितियों से निपटने के लिए तथा ऐसी घटनाएं दोबारा न हो, इसके लिए उनकी सरकार ठोस प्लान तैयार कर रही है। पूरे साल की योजना तैयार की जा रही है। वनाग्नि की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की तथा कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए सरकार कृतसंकल्प है।

उन्होंने कहा कि लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने कल्याणिका डोल आश्रम के वार्षिक उत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने डोल आश्रम को आध्यात्मिक चेतना का केन्द्र बताया और उसके कार्यों की प्रशंसा की।