वाहन ने परिवार को रौंदा,मासूम की मौत चार गंभीर

बहराइच, उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को गूढ़ चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने पूरे परिवार को रौंद दिया। इस हादस में एक पांच वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोतीपुर इलाके के गूढ़ गांव निवासी एक परिवार के लोग बच्चों के साथ खेत जाने के बाद लौट रहे थे। शनिवार को अपराह्न चार बजे जब वे पैदल घर लौट रहे थे, तभी लखीमपुर से नानपारा की ओर जा रहा अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए रौंद गया। इस हादसे में मोहम्मद रजा (5) की मौत हो गयी जबकि आयशा (35), उनके पुत्र अकरम (07), अकरम का भाई अनस (05), और तय्यबा (36) गंभीर रुप से घायल हो गये।

स्थानीय लोगों ने 112 सेवा को सूचित किया, जिसके बाद चौकी इंचार्ज जालिमनगर, कृष्ण कुमार सिंह, अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया। वहां उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button