Breaking News

विधानसभा में व्यक्त किया गया सदस्यों के निधन पर शोक

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शनिवार को पूर्व एवं वर्तमान सदस्यों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद पांच फरवरी तक के लिये स्थगित कर दी गयी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधानसभा के सदस्य मानवेंद्र सिंह, डा शिव प्रताप यादव,मोबीन अहमद आज़मी,सतीश चन्द्र,जटाशंकर सिंह,मोहम्मद इरशाद खान, जगदीश गांधी तथा डॉ सुरेश संगल के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ा। बाद में सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत सदस्यों को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की। इसके बाद सदन की कार्यवाही पांच फरवरी तक के लिये स्थगित कर दी गयी। पांच फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार बजट प्रस्ताव सदन के पटल पर पेश करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व व वर्तमान सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य मानवेन्द्र सिंह का पिछली पांच जनवरी को लगभग 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। श्री सिंह इस सदन के दो बार निर्वाचित सदस्य थे। वह सर्वप्रथम वर्ष 2017 में तथा वर्ष 2022 में लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर निर्वाचन क्षेत्र ददरौल, जिला शाहजहांपुर से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वह विधानसभा की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियां के भी सदस्य रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि र्तमान विधानसभा के ही सदस्य डॉ शिव प्रताप यादव का 26 जनवरी को लगभग 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से हम सभी दुःखी हैं। वह इस सदन के वरिष्ठ सदस्य थे। वह वर्तमान विधानसभा में चौथी बार निर्वाचित होकर आए थे। सर्वप्रथम वर्ष 1993 के मध्यावधि चुनाव में, तत्पश्चात वर्ष 2002, 2012 तथा 2022 में निर्वाचन क्षेत्र गैंसड़ी, जिला बलरामपुर से समाजवादी पार्टी के टिकट पर इस सदन के लिए निर्वाचित हुए थे।

डॉ यादव श्री मुलायम सिंह यादव तथा श्री अखिलेश यादव मंत्रिमण्डल में विभिन्न विभागों के राज्य मंत्री तथा विधानसभा की विभिन्न समितियों के सदस्य रहे। वह अपने क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने अपने जीवन का आरम्भ एक शिक्षक के रूप में किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वह कृषक बालिका इण्टर कॉलेज, गोंडा तथा मसौली कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गैंसड़ी, जिला बलरामपुर के अध्यक्ष भी रहे। वह वर्ष 2004 से 2007 तक उत्तर प्रदेश वित्त निगम के अध्यक्ष रहे।

मुख्यमंत्री ने सदन के पूर्व सदस्य श्री मोबीन अहमद आज़मी, श्री सतीश चन्द्र, श्री जटाशंकर सिंह, श्री मोहम्मद इरशाद खान, श्री जगदीश गांधी तथा डॉ सुरेश संगल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।