शंकराचार्य की गरिमा को गिराने का प्रयास शर्मनाक: धर्मेन्द्र यादव

प्रयागराज, समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद धर्मेंद्र यादव ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि शंकराचार्य की गरिमा गिराने का प्रयास पूरे सनातन धर्म के लिए शर्मनाक और अशोभनीय है।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का जो सम्मान और मान-मर्यादा है, उसका हनन करने वालों को जनता सबक सिखाएगी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मामले में अखिलेश यादव के रुख पर बोलते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव शंकराचार्य और सनातन धर्म का सम्मान करते हैं तथा संविधान के अनुसार हर धर्म और आस्था का आदर किया जाना चाहिए।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा सांसद ने दावा किया कि पार्टी की तैयारियां पूरी हैं और प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के “झूठ और फरेब” से ऊब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा स्वदेशी की बात करती है, लेकिन किसानों के हितों की अनदेखी करती है।
शिक्षा व्यवस्था, बुलडोजर नीति और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। साथ ही एसआईआर से जुड़ी कथित विसंगतियों और रसड़ा से बसपा विधायक उमाशंकर के यहां बीमारी के दौरान हुई छापेमारी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए।





