शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी, 600 अंक से ज्यादा उछला सेंसेक्स

मुंबई, विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती बढ़त देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा उछल गया।

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्ध विराम के बाद बनी सकारात्मक निवेश धारणा से सेंसेक्स 489.36 अंक की तेजी में 77,121.01 अंक पर खुला। चौतरफा लिवाली के बीच खबर लिखे जाते समय यह 655.61 अंक (0.86 प्रतिशत) ऊपर 77,287.26 अंक पर था।

सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फिनसर्व से शेयरों में लिवाली ज्यादा रही। सनफार्मा, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर फिलहाल नीचे थे।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 105.45 अंक चढ़कर 23,880.55 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 199.80 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की मजबूती में 23,974.90 अंक पर था।

ऑटो, बैंकिंग, वित्त, मीडिया, रियलटी, स्वास्थ्य, रसायन, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और एफएमसीजी सेक्टरों में तेजी बनी हुई है। वहीं, आईटी और फार्मा सेक्टरों के सूचकांक फिलहाल नीचे हैं।

Related Articles

Back to top button