संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र ने सभी देशों से समाज सुधारक बाबा साहेब अंबेडकर के आदर्शो पर चलने का आह्वान किया है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि सभी देशों को उनके आदर्शो का अनुसरण कर सामाजिक न्याय और समानता के लिए संघर्ष करना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र की एक शीर्ष अधिकारी उप महासचिव अमीना मुहम्मद ने कहा कि हम सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के जरिये तेजी से बदलते युग में रह रहे हैं। इस सोच के साथ सभी देशों को सामाजिक और वित्तीय समावेश के साथ ही समाज की प्रगति में डिजिटल टेक्नोलॉजी की ताकत का उपयोग करना चाहिए।
उन्हें यकीन है कि महिलाओं, अल्पसंख्यकों और वंचितों के अधिकारों के साथ खड़े रहने वाले बाबा साहेब अंबेडकर अगर आज होते तो वे भी इन प्रयासों का स्वागत करते। हमें उनके आदर्श और सामाजिक न्याय व समानता को पूरा करने के संकल्प का 2030 के एजेंडे में अनुसरण करना चाहिए। वह अंबेडकर की 126वीं जयंती के मौके पर भारत के स्थायी मिशन की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैय्यद अकबरुद्दीन ने भी बाबा साहेब के आदर्शो और विचारों को अपनाने पर जोर दिया।