Breaking News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोदी ने दी उत्तर प्रदेश दिवस पर शुभकामनायें

लखनऊ, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तर प्रदेश के 74वे स्थापना दिवस पर अपनी शुभकामनायें प्रेषित की हैं।

राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा “ सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य यूपी संस्कृति, साहित्य, कला, राजनीति और सामाजिक परिवर्तन का आदर्श प्रस्तुत करता रहा है। मैं उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली और परिश्रमी निवासियों के स्वर्णिम भविष्य की मंगल कामना करती हूं।”

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया “ यूपी के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और स्थापत्य चमत्कारों ने राज्य को भारत के जीवंत मानचित्र पर गौरव का अनूठा स्थान दिया है। उत्तर प्रदेश और इसके मेहनती लोगों ने देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। राज्य निरंतर समृद्धि और अधिक से अधिक प्रगति के पथ पर नए मील के पत्थर स्थापित करे।”

श्री मोदी ने ट्वीट किया “ बीते कुछ वर्षों में राज्य के विकास ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। यूपी के लोगों ने कई क्षेत्रों में मिसाल कायम की है। मैं देश की प्रगति में अहम योगदान दे रहे इस प्रदेश की निरंतर समृद्धि की कामना करता हूं।”

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा “ मोदी जी की कल्याणकारी योजनाओं व विकास की नीतियों को नीचे तक ले जाकर उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की निरंतर प्रगति व प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना करता हूं।”

लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया “ उत्तर प्रदेश के लोग अपनी कला-संस्कृति और कर्मठता के लिए देश-विदेश में जाने जाते हैं। मैं प्रदेश के उत्तरोत्तर विकास की कामना करता हूं।”

भाजपा अध्यक्ष कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में विकास व समृद्धि के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लिखा “ मोदी जी के सम्यक नेतृत्व में लिए गए सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश की योगी सरकार ने कुशलता से धरातल पर उतारकर नए उत्तर प्रदेश के विजन को बल दिया है। यूपी ऐसे ही आगे बढ़ता रहे, विकास के नये सोपानों को छुए व नये भारत-आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाए, यही कामना है।”