संविधान को चुनौती दे रही है भाजपा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उससे जुड़े संगठन भारतीय संविधान को चुनौती दे रहे हैं।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि शहीद भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने संविधान सम्मत कानूनराज का सपना देखा था। बाबा साहब अम्बेडकर ने संविधान में एक नए भारत की कल्पना की, सामाजिक न्याय की प्रेरणा दी लेकिन भाजपा और उससे जुड़े संगठन लगातार बाबा साहब के बनाएं संविधान को चुनौती दे रहे हैं। भाजपा सरकारें आउटसोर्स और संविदा के रास्ते आरक्षण की व्यवस्था को भी समाप्त करने पर तुली है। इसीलिए भाजपाई संविधान पर प्रश्न उठाते हैं।
उन्होने कहा कि भाजपा की सरकारें संविधान के अनुरूप काम नहीं कर रही है। पीडीए के साथ भेदभाव किया जा रहा है। पीडीए का हक छीना जा रहा है। अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने का प्रयास हो रहा है। सकारात्मक-सुझावों के प्रति असहिष्णुता बरती जा रही है। भारत की संस्कृति की स्वीकार्यता और सहिष्णुता से पहचान है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और उसकी सरकार से संविधान और लोकतंत्र को खतरा है। इस सरकार से संविधान, लोकतंत्र और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को बचाने की बड़ी चुनौती है। भाजपा की नीतियां सामाजिक सद्भाव और एकता के लिए खतरनाक है। भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का अपने अनुसांगिक संगठनों की तरह प्रयोग कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है जबकि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, बाबा साहब के संविधान और आजादी के आंदोलन के मूल्यों को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक एकता, अखण्डता, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की खुशहाली के लिए संघर्ष कर रही है। समाजवादी पार्टी ने जातीय जनगणना की मांग इसीलिए उठाई है ताकि समाज के सभी वर्गों को उनका हक और सम्मान जनसंख्या के बल पर हासिल हो सके। समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी के लिए प्रतिबद्ध है। इसे मजबूत करने के लिए हर स्तर पर अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button