Breaking News

सपा सभी जिलों में ‘व्यापारी पंचायत’ कर भाजपा को करेगा बेनकाब : राजेंद्र चौधरी

लखनऊ, समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश के सभी जिलों में पीडीए ‘व्यापारी पंचायत’ का आयोजन कर भारतीय जनता पार्टी की ओर से व्यापारियों के साथ कथित रुप से किए गए छल और उत्पीड़न को उजागर कर व्यापारी समाज से आगामी लोकसभा चुनाव में सपा तथा इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाने का आवाह्न करेगा। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने प्रदेश पदाधिकारियों को मंडलों की जिम्मेदारी दे दी है।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने प्रदेश के सभी मंडलों में पीडीए व्यापारी पंचायतों का आयोजन कर व्यापारियों को एकजुट कर उनके बीच मजबूत प्रचार का निर्देश व्यापार सभा के सभी जिला/महानगर अध्यक्षों को दे दिया है। उन्होंने कहा की भाजपा के राज में व्यापारी समाज बेहद परेशान है। यदि व्यापारी समाज ने पीडीए का साथ दे दिया तो सरकार सपा और इंडिया गठबंधन की ही बनेगी।

श्री जायसवाल ने बताया कि प्रदेश के पदाधिकारियों को पीडीए व्यापारी पंचायत आयोजित करने के लिए मंडल वार प्रभारी भी बना दिया है ताकि सभी मंडलों के सभी जिलों के पीडीए व्यापारी पंचायतों का आयोजन मजबूती से हो सके।

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता अभिमन्यु गुप्ता ने बताया की प्रदेश का व्यापारी जीएसटी, उत्पीड़न, महंगाई, अपराध से बेहद परेशान है। सपा व्यापार सभा पीडीए व्यापारी पंचायत का आयोजन कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को देश का प्रधानमंत्री बनवाने की भी अपील करेगी।