सम्राट चौधरी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट और एक्सपो 2026 में ‘बिहार स्टेट पवेलियन’ का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट और एक्सपो 2026 में ‘बिहार स्टेट पवेलियन’ का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय पंचायती राज और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सूचना प्रावैधिकी मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह और राज्यसभा के सदस्य संजय कुमार झा भी इस आयोजन में शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने उद्घाटन के बाद कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों के जरिए राज्य के सभी क्षेत्रों को आधुनिक बनाया जा रहा है। एआई समिट के माध्यम से बिहार सरकार उद्योग जगत को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में बिहार के युवाओं ने एआई को सफल बनाया, अपने प्रदेश के लिए वह इसपर और गंभीरता से काम करेंगे।
उद्योग मंत्री श्री जायसवाल ने भी कार्यक्रम के दौरान बिहार पवेलियन में प्रदर्शित विभिन्न एआई स्टार्टअप्स के समाधान और तकनीकी नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में बिहार के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन प्रयासों को नीति एवं संसाधनों के माध्यम से मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।





