साफ मौसम से किसानों के खिले चेहरे, गेहूं की कटाई में तेजी

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार सुबह मौसम साफ रहने से किसानों के चेहरे खिल उठे। पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव और बादलों की आवाजाही के कारण चिंतित किसान आज तेज धूप निकलने से राहत महसूस कर रहे हैं।
साफ मौसम का लाभ उठाते हुए किसान गेहूं की कटाई और मड़ाई के कार्य में तेजी से जुट गए हैं। जनपद के विभिन्न गांवों में गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी है। कई स्थानों पर कटाई तेजी से चल रही है, जबकि अन्य जगहों पर कटी फसल की मड़ाई की जा रही है। खेतों में लहलहाती सुनहरी बालियां रबी फसल के अंतिम चरण की ओर संकेत कर रही हैं।
सुबह होते ही किसान औजारों और मशीनों के साथ खेतों में पहुंच गए। जहां बड़े किसान हार्वेस्टर मशीनों का उपयोग कर रहे हैं, वहीं छोटे किसान पारंपरिक तरीके से दरांती द्वारा कटाई करते नजर आए। कटाई के बाद खेतों में ही मड़ाई का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि मौसम के बदलने से पहले फसल सुरक्षित की जा सके।
किसानों का कहना है कि साफ और धूप वाला मौसम उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो जल्द ही पूरी फसल की कटाई और मड़ाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि किसानों को मौसम की अनिश्चितता का भी अंदेशा है। अचानक बारिश होने पर कटी फसल को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए किसान सुबह से लेकर देर शाम तक खेतों में जुटकर काम निपटाने में लगे हैं।
गांवों में इन दिनों कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं। खेतों में मशीनों की आवाज, मजदूरों की चहल-पहल और किसानों की व्यस्तता से स्पष्ट है कि गेहूं की कटाई अपने अंतिम चरण में है। किसान परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर तेजी से फसल समेटने में जुटे हैं।





