Breaking News

सीएम योगी ने गुरु नानक जयन्ती, कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरु नानक जयन्ती तथा कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।  आज यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के सर्व-धर्म समभाव एवं सामाजिक सद्भाव के सन्देश में सम्पूर्ण मानवता का कल्याण निहित है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने आडम्बरों और अंधविश्वासों का प्रतिकार करके समाज को नई दिशा प्रदान की।

कार्तिक पूर्णिमा के महत्व का उल्लेख करते हुए योगी जी ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक परम्परा में इस अवसर का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्य अवतार लेकर प्रलय के अंत तक सप्त ऋषियों एवं वेदों की रक्षा की, जिससे पुनः सृष्टि का निर्माण सम्भव हो सका। इसके साथ ही, भगवान शंकर ने इसी दिन त्रिपुरासुर नामक राक्षस का अंत किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व मानव मात्र को प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।