Breaking News

सीएम योगी, राजनाथ सिंह के साथ राज्यपाल राम नाईक किया योग

लखनऊ,  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज राजभवन में राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने योग किया। इस अवसर पर राजभवन में राज्य सरकार के मंत्रियों सहित हजारों लोगों ने साथ साथ योग किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘करो योग, रहो निरोग’ यानी एक सामान्य जिज्ञासु के लिए यह अत्यंत उपयुक्त है। यद्यपि योग एक व्यापक शब्दावली है।

उन्होंने कहा, ‘योग लोक कल्याण का माध्यम है, भारत की योग परम्परा मानवतावादी परम्परा है। योग संकीर्णताओं से परे है और मानवता को बढ़ावा देता है, जिन मार्गों और कार्यों से संतुलन मिल जाए, वही योग है। योग से अंदर की बुराइयों को दूर करने में मदद मिलती है।’ योगी ने कहा, ‘योग क्रियाओं के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ होता है और जीवन संतुलित रहता है। भगवान शिव से चली परम्परा को ऋषियों ने आगे बढ़ाया और दुनिया में आज इसका जो महत्व बढ़ा है, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देन है।’ योगी ने ट्वीट कर कहा, ‘भारतीय संस्कृति की ध्वज पताका को समूचे विश्व में फहराने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व निरामय और विश्व कल्याण की कामना करता हूँ ।’ राज्यपाल नाईक और लखनऊ के सांसद तथा गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने योग तथा योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयास से हमारी पुरानी विधा योग को वैश्विक पहचान मिली है। अब सब इस विधा का लाभ लेने के गंभीर प्रयास कर रहे हैं। राजनाथ ने कहा कि भारत के कारण ही योग विश्व में स्वीकार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने योग को विश्व पटल पर मान्यता दिलाई। पहले लोग कहते थे कि योग किसी एक धर्म से जुड़ा है लेकिन अगर एक धर्म से जुड़ा होता तो दुनिया के 177 देशों का इसे समर्थन नहीं मिलता। दुनिया के 46 इस्लामी देशों ने इसे संयुक्त राष्ट्र में अपना समर्थन दिया है।

आमतौर पर भगवा कुर्ता पहनने वाले योगी टी-शर्ट पहने नजर आए। टी-शर्ट का रंग भी सबसे अलग भगवा था। उनके साथ योग कर रहे राजनाथ सिंह और राम नाईक ने सफेद रंग की योग दिवस लिखी हुई टी-शर्ट पहन रखी थी। राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में आने के लिए प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। राजभवन के अलावा शहर के 10 पार्कों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बीच राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि सभी 75 जिला मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों, ब्लाक मुख्यालयों और नगर निकायों में योग दिवस के मौके पर लोगों ने योग किया।