Breaking News

हमारे प्रदर्शन में सुधार, 2022 में दिखेगा प्रभाव :कांग्रेस

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा के उपचुनाव के नतीजों को कांग्रेस के लिये उत्साहजनक बताते हुये पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि परिणाम साबित करते है कि कांग्रेस सही मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है और 2022 के आम चुनाव में इसका प्रत्यक्ष प्रभाव दिखायी पड़ेगा।

श्री लल्लू ने मंगलवार को यूनीवार्ता से कहा “ बेशक हम उपचुनाव में कोई सीट हासिल नहीं कर सके लेकिन हमारा प्रदर्शन और बेहतर हुआ है। उन्नाव की बांगरमऊ और कानपुर की घाटमपुर विधानसभा में हम दूसरे स्थान पर रहे वहीं बुलंदशहर में हम तीसरी पोजीशन में थे वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) यहां चौथे स्थान पर खिसक गयी। पार्टी के प्रदर्शन से साबित हो गया है कि हम सही मुद्दों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। ”

उन्होने कहा कि उपचुनाव में सरकारी तंत्र का दुरूपयोग हुआ वरना पार्टी के प्रदर्शन पर और निखार दिख सकता था। बांगरमऊ और घाटमपुर में पार्टी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ था। मुख्य विपक्षी दल को चौथे स्थान पर धकेलने में कांग्रेस सफल रही। हमारे संघर्ष का परिणाम हमे मिला लेकिन इसे सुखद नहीं कहा जा सकता लेकिन 2022 तक हम इस प्रदर्शन को जीत में तब्दील करने की क्षमता प्राप्त कर लेंगे।

कांग्रेस छोड़ कर सपा में हाल ही में सपा में शामिल हुयी पूर्व सांसद अन्नू टंडन से चुनाव नतीजों में कोई फर्क नहीं पड़ने का दावा करते हुये श्री लल्लू ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में श्रीमती टंडन को मात्र 11 हजार वोट मिले थे जबकि पार्टी की मौजूदा विधानसभा प्रत्याशी आरती बाजपेई को उस चुनाव में 17 हजार वोट मिले थे।

उन्होने कहा कि चुनाव नतीजों को कांग्रेस सर माथे पर लेती है। जनता के आदेश का पार्टी पूर्णत: पालन करती है। आज कांग्रेस हारी है लेकिन जनआकांक्षाओं पर खरा उतर कर कल हम बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहेंगे।