Breaking News

100 सफल महिलाओं को राष्ट्रपति देंगे भोज

नई दिल्ली, pranab mukherjee प्रणव मुखर्जी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की पहली वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को 100 सफल महिलाओं को भोज देंगे। मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन किया है। जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा फेसबुक के माध्यम से चयनित 100 महिलाएं शामिल होंगी। इन महिलाओं का चयन मंत्रालय के फेसबुक पर राष्ट्रव्यापी प्रतिस्पर्धा और जनता के नामांकन के आधार पर किया गया है। मंत्रालय ने अपने फेसबुक पेज पर 15 जुलाई, 2015 को 100 वीमेन नामक इस प्रतिस्पर्धा की घोषणा की थी। इसके माध्यम से 20 श्रेणियों के लिए नामांकन प्राप्त हुए थे। इन श्रेणियों में महिलाओं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए न्याय तक पहुंच, कृषि और पशुपालन, पशु कल्याण, कला एवं संस्कृति, वाणिज्य उद्योग और उद्यमिता, सामुदायिक संघटन, अक्षमता और सुविधाहीन, शिक्षा, पर्यावरण, वन और वन्य जीवन, भारत का वैश्वीकरण, स्वास्थ्य सेवा और तंदुरूस्ती, साफ-सफाई एवं स्वच्छता, बालक-बालिकाओं के अनुपात में सुधार, नवाचार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, साहित्य, मीडिया, पोषण, खेल, सार्वजनिक जीवन में महिलाएं और महिलाओं का सशक्तीकरण शामिल है। उल्लेखनीय है कि 20 श्रेणियों में 447 नामांकन प्राप्त हुए थे। ज्यूरी ने इनमें से 200 महिला उम्मीदवारों का चयन किया था। चुनी गई 200 महिला उम्मीदवारों के नाम पर तीन दिसम्बर 2015 से लेकर 20 दिसम्बर 2015 तक सार्वजनिक रूप से मतदान कराया गया था। जिसके आधार पर 100 महिलाओं का चयन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *