Breaking News

बिहार में एक दिन में 12 मरीज कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 51

पटना, बिहार में महज एक दिन में 12 मरीजों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद राज्य में पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि आज आई जांच रिपोर्ट में सीवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड के 10 और बेगूसराय जिले के दो मरीजों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। सीवान के सभी संक्रमित रघुनाथ प्रखंड के पंजवार निवासी उस युवक के परिवार के ही सदस्य बताए जाते हैं, जिसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि 03 अप्रैल को हुई थी। वह 21 मार्च को खाड़ी देश ओमान से भारत आया था।

सूत्रों ने बताया कि पंजवार के संक्रमित सभी दस लोगों में दो किशोरी समेत आठ महिलाएं, एक किशोर और एक युवक शामिल हैं। वहीं, बेगूसराय में मिले संक्रमित में एक किशोर और एक युवक है। स्वास्थ्य विभाग इन दोनों का ब्योरा पता कर रहा है। इस तरह बिहार में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।

गौरतलब है कि बिहार में सीवान कोरोना पॉजिटिव मरीजों का हॉटस्पॉट बन गया है। इस जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 20 हो गई है, जिनमें से चार ठीक हो गए हैं। मुंगेर के सात पॉजिटिव मरीजों में से छह को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि एक की मौत हो चुकी है। वहीं, पटना के पांच में से पांच मरीज ठीक हो गए हैं।

इसी तरह गया में पॉजिटिव मरीज की संख्या पांच, गोपालगंज में तीन, बेगूसराय में पांच, सारण, लखीसराय, भागलपुर और नवादा में एक-एक हैं। वहीं नालंदा के कुल दो संक्रमित मरीजों में से एक ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।