Breaking News

कर्नाटक में कोरोना वायरस के 9140 नये मामले, 9557 हुए स्वस्थ

बेंगलुरु, वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) से गंभीर रूप से जूझ रहे कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,140 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या शनिवार रात बढ़कर करीब साढ़े चार लाख पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि राज्य में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में पांच सौ से अधिक की कमी दर्ज की गयी है।

देश में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक सक्रिय मामलों वाले महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक अब देश का दूसरा ऐसा राज्य बन गया है। राहत की बात यह है कि इस दौरान 9,557 और मरीज स्वस्थ हुए जिससे संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 3.44 लाख से अधिक हो गयी है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4,49,551 हो गयी है। इस दौरान संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या बढ़कर 3,44,556 हो गयी है। इसी अवधि में 94 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 7,161 हो गयी है।

स्वस्थ होने वाले मरीजाें की दर बढ़ कर आज 76.64 फीसदी पहुंच गयी जो शुक्रवार को 76.06 प्रतिशत थी।

राहत की एक और बात यह है कि सक्रिय मामलों में आज 511 की कमी दर्ज की गयी। राज्य में सक्रिय मामले घटकर आज 97,815 रह गये जो शुक्रवार को 98,326 थे।

गौरतलब है कि कर्नाटक संक्रमण के मामले में पूरे देश में चौथे स्थान पर है, लेकिन सबसे अधिक सक्रिय मामलों में कर्नाटक देश का दूसरा राज्य है। महाराष्ट्र के बाद सबसे अधिक सक्रिय मामले कर्नाटक में ही हैं। महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 2.71 लाख से अधिक है।