Breaking News

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर लेकर बड़ी खबर, एम्स में हुये भर्ती

नयी दिल्ली, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री को रात करीब पौने नौ बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्डियोलॉजी के प्रोफेसर डॉक्टर नीतीश नायक की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया, ‘‘उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’

सूत्रों ने बताया कि 87 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक वार्ड में निगरानी में रखा गया है। साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। मनमोहन सिंह देश के 13वें प्रधानमंत्री रहे हैं। मई 2004 से लेकर मई 2014 तक लगातार 10 साल मनमोहन सिंह ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी है। वहीं मनमोहन सिंह देश के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं। जून 1991 से मई 1996 तक मनमोहन सिंह ने देश के 22वें वित्त मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा मनमोहन सिंह आरबीआई के 15वें गवर्नर भी रह चुके हैं।