Breaking News

राजधानी वियना में गोलीबारी से मरने वालो की संख्या बढ़ी

वियना, ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में कुछ हथियारबंद बंदूकधारियों ने छह जगहों पर गोलीबारी की है जिसमें कम-से-कम चार लोग मारे गए और 17 अन्य घायल हो गए हैं।

मंगलवार को एक और व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या चार हो गयी। मृतकों में दो महिला एवं दो पुरूष हैं। राजधानी में सोमवार शाम को कुछ हथियारबंद बंदूकधारियों ने हमला किया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गयी थी।

अधिकारियों ने बताया कि एक संदिग्ध हमलावर भी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। उसके पास से एक राइफल और एक नकली आत्मघाती जैकेट भी बरामद किया गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वियना में कल अज्ञात लोगों के एक समूह ने विशेष तौर पर यहूदी समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर गोलीबारी कर इस हमले को अंजाम दिया। ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने इसे ‘आतंकवादी हमला’ करार दिया है।

ऑस्ट्रिया के गृह मंत्री कार्ल नेहमा ने कहा है कि अभी भी एक और हमलावर की तलाश की जा रही है। गोलीबारी वियना के सेंट्रल सिनेगॉग (यहूदी उपासना स्थल) के पास हुई मगर यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हमले की वजह क्या थी।

इस हमले में 17 लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 10 लोग मामूली रूप से घायल हैं।

कोरोना वायरस लाॅकडाउन समाप्त होने के बाद सोमवार को फिर से रेस्तरां और बार के खुलने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल थे तभी यह हमला हुआ।