Breaking News

विधानसभा चुनावों को लेकर, शिवपाल सिंह यादव ने उठाया ये बड़ा कदम

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा कदम उठाया है।

मतदाताओं का भरोसा जीतने की कवायद के तहत प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव सामाजिक परिवर्तन रथ से प्रदेश भ्रमण करेंगे।
सामाजिक परिवर्तन रथ तैयार किये जाने की पुष्टि करते हुए प्रसपा की इटावा ईकाई के अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि पार्टी प्रमुख से चल रही बातचीत के मुताबिक यह रथ 15 सितंबर के आसपास उत्तर प्रदेश मे भ्रमण के लिए निकलेगा।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का सामाजिक परिवर्तन रथ सैफई में एसएस मेमोरियल स्कूल परिसर के अंदर कड़ी सुरक्षा के बीच खड़ा हुआ है। रथ के बाहरी हिस्से में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ओर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अलावा शिवपाल सिंह के बेटे आदित्य , प्रखर समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र, डा. राम मनोहर लोहिया ओर चौधरी चरण सिंह समेत कई अन्य समाजवादियों की तस्वीरें लगाई गई है।
प्रसपा की ओर से आधिकारिक तौर पर सामाजिक परिवर्तन रथ का कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है लेकिन रथ को देख कर लग रहा है कि शिवपाल यादव और उनके बेटे आदित्य इस रथ के जरिए राज्य में लोगों की ना केवल नब्ज को समझेंगे बल्कि अपने पक्ष में लोगों को लाने की कोशिश करेंगे।