Breaking News

भाजपा की विपदा सरकार ने महिलाओं को नहीं दिए 2500 रुपए : आतिशी

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी(आप) ने शनिवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की लाखों महिलाएं अपने फोन में 2500 रुपए आने के मैसेज का इंतजार करती रह गईं लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विपदा सरकार ने पैसे नहीं दिए।

आप की वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने आज कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया कि आठ मार्च दिल्ली की हर महिला के खाते में ढाई हजार रुपए की राशि आएगी। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को सलाह दी कि आप अपने बैंक के खाते को अपने फोन से लिंक करा लीजिए, क्योंकि 08 मार्च को आपके पास मैसेज आएगा कि आपके खाते में ढाई हजार रुपए पहुंच गए। आज 08 मार्च है, दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही थीं कि कब उनके खाते में 2500 रुपए डलेंगे और कब उनके फोन में मैसेज आएगा।

सुश्री आतिशी ने कहा कि आज भाजपा की दिल्ली सरकार ने यह साबित कर दिया कि वह मोदी की गारंटी नहीं थी, सिर्फ एक जुमला था। आठ मार्च को दिल्ली की महिलाओं के खाते में ढाई हजार रुपए नहीं मिले और न तो उनको एक स्कीम ही मिली। यहां तक कि एक पंजीकरण का पोर्टल तक नहीं मिला, जिस पर जाकर महिलाएं अपने नाम भर दें, अपने खाते और अपने आधार कार्ड की डिटेल डाल दें। आठ मार्च को दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए की जगह एक चार सदस्य की कमेटी मिली।

आतिशी ने कहा कि हिंदी में एक कहावत है कि खोदा पहाड़, निकली चूहिया। आज दिल्ली की महिलाओं के साथ भी ऐसा ही धोखा हो गया है कि महिलाओं के खाते में 2500 रुपए डालने का वादा किया था और मिली चार मंत्रियों की कमेटी, एक झुनझुना मिला। अब एक कमेटी बनेगी और स्कीम बनाएगी। इसके बाद पात्रता तय करेगी। पंजीकरण होगा, महिलाएं फॉर्म भरेंगी और फिर भगवान जानें कि 2500 रुपए कब आएंगे?