कांग्रेस ने पहलगाम हमले में मारे गये लोगों के परिजनों के साथ एकजुटता व्यक्त की

नयी दिल्ली, कांग्रेस ने पहलगाम हमले में मारे गये लोगों के परिजनों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा है कि संकट की घड़ी में पूरा राष्ट्र एकजुट है और भारत में आतंक फैलाने के लिए पाकिस्तान को सबक सिखाते हुए आतंकवाद पर निर्णायक रूप से लगाम लगाने की ज़रूरत है।

कांग्रेस कार्यसमिति की शुक्रवार को यहां हुई बैठक में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसमें अपने प्रियजनों को खोने वाले 26 परिवारों के साथ एकजुटता और संवेदना व्यक्त करते हुए प्रस्ताव पारित कर कहा गया है कि इन परिवारों का दर्द पूरे राष्ट्र का दर्द है। कांग्रेस कार्य समिति केवल शब्दों में ही नहीं बल्कि स्थायी एकजुटता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

पार्टी ने कहा, “पूरा देश आज जवाबदेही, स्पष्टता और न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। इस अक्षम्य और उकसावे भरे हमले के मद्देनज़र कांग्रेस मानती है कि यह राजनीति करने का समय नहीं है, यह वह क्षण है जब देश को एकजुटता, दृढ़ता और राष्ट्रीय संकल्प दिखाना चाहिए। राजनीतिक मतभेदों से उठकर यह हमें स्पष्ट संदेश देना होगा कि भारत एकजुट है और किसी भी परिस्थिति में उसकी एकता को कमजोर नहीं किया जा सकता। यह समय हमारे राष्ट्रीय संकल्प को प्रदर्शित करने का है ताकि हम पाकिस्तान को सबक सिखा सकें और आतंकवाद पर निर्णायक रूप से लगाम लगा सकें। इस कायरतापूर्ण हमले के साजिशकर्ताओं और अपराधियों को उनके कृत्य के पूर्ण परिणाम भुगतने चाहिए। कांग्रेस सरकार से आग्रह करती है कि वह मजबूती, रणनीतिक स्पष्टता और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि पाकिस्तान को हमारे देश में आतंक फैलाने के उसके निरंतर प्रयासों के लिए वैश्विक मंच पर अलग-थलग और दंडित किया जा सके।”

कार्य समिति ने मांग करते हुए कहा, “पीड़ित परिवारों को दीर्घकालिक नैतिक और संस्थागत सहायता दी जाए। केवल मुआवजा पर्याप्त नहीं है, दीर्घकालिक पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, और शहीदों की स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और नागरिक स्मरण के माध्यम से जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है। सीडब्ल्यूसी देश के अत्यंत सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए, उसकी समयबद्ध और स्पष्ट जवाबदेही तय किए जाने की अपनी पहले की मांग को दोहराती है। देश की जनता को पारदर्शिता और जवाबदेही मिलनी चाहिए, यह उनका अधिकार है। कार्य समिति सभी नागरिकों से शांति, एकता और संकल्प बनाए रखने की अपील करती है। इस आतंकवादी कृत्य के प्रति हमारी प्रतिक्रिया, हमारे लोकतंत्र की ताकत, हमारी एकता की गहराई और हमारे गणराज्य की दृढ़ता का प्रतीक होनी चाहिए।”

Related Articles

Back to top button