आम महोत्सव में आम की 800 किस्मों को देखने का मिलेगा अवसर

लखनऊ, उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 में यूपी सहित अन्य प्रदेशों के बागानों के आमों की किस्मों का प्रदर्शन किया जायेगा।
प्रदेश के कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को बताया कि ये महोत्सव प्रदेश के किसानों की समृद्धि के द्वार खोलने तथा उनके जीवन में मिठास लायेगा। प्रदेश में आम एवं आम से बने उत्पादों को देश-विदेश मे भेजने का कार्य किया जा रहा है। तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लंदन, दुबई के लिए आम के कंटेनर को रवाना करेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उद्यान विभाग में आमूल-चूल परिवर्तन हुये हैं, जिसमें किसानों की फसलों के उत्पादन से लेकर उसके लिए उपयुक्त इन्फ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किये गये हैं। उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड का गठन कर इसके माध्यम से प्रदेश के किसानों के फसलों को दुनिया तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पहली बार औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया है, इन गोष्ठियों के माध्यम औद्यानिक फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को बताया जा रहा है कि औद्यानिक फसलों के माध्यम से कम क्षेत्रफल मे अधिक मूल्य की फसलों का उत्पादन किया जा सकता है। इसी तर्ज पर औषधि, फल-फूल, मसाले आदि की फसलों को किसानों को उगाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।