प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ की तैयारियों पर कार्यशाला का आयोजन

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर गांधी जयंती दो अक्टूबर तक राजधानी में आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ में तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की ओर से शनिवार को यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय विस्तार में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ अलका गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा सहित पार्टी के प्रदेश के सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, जिला अध्यक्ष, पार्षद और मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के तमाम नेता उपस्थित रहे।

इस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा, “ सेवा पखवाड़ा अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बने, यही हमारी सामूहिक संकल्पना है। दिल्ली में भाजपा की सरकार ने भी इस सेवा पखवाड़े में जनसेवा से जुड़े कार्यों का शुभारंभ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।” उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान स्वास्थ्य, शिविर, खेल कूद प्रतियोगिता और चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री श्री विष्णु मित्तल ने बताया कि श्री सचदेवा के आह्वान पर और प्रदेश सरकार के सहयोग से सेवा ही संगठन के भाव से श्री मोदी के नेतृत्व में गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान हेतु सेवा कार्य दिल्ली के हर वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया ने कहा कि अन्य कार्यक्रमों के साथ ही श्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन के साथ ही सांसद खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। दिल्ली में 27 सालों बाद बनी भाजपा सरकार भी दिल्लीवालों को अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button