बिहार चुनाव में फिल्मी कलाकारों को उतारने की तैयारी

पटना, बिहार में चुनाव का बिगुल बजते ही फिल्मी और लोक कलाकारों की तरफ से टिकट के लिए सुगबुगाहट तेज हो गयी है और ऐसा लगता है कि महीने भर के चुनावी दंगल में जनता को मतदान के साथ मनोरंजन का भी तड़का मिलेगा।
भोजपुरी सिनेमा में पावर स्टार के नाम से मशहूर पवन सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी कर ली है। ऐसा माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार या प्रचारक के तौर पर उनकी बड़ी भूमिका हो सकती है। इस बात की भी चर्चा है कि श्री सिंह यदि चुनाव नही लड़ते हैं तो उन्हें ऊपरी सदन में भेजने की व्यवस्था की जा सकती है। पिछले लोक सभा चुनाव में पवन सिंह काराकाट की सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उतरे थे। इस चुनाव में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा माले) के राजा राम सिंह ने जीत हासिल की थी जबकि पवन सिंह दूसरे नंबर रहे। श्री कुशवाहा को तीसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा था। हाल पिछले दिनों पवन सिंह की भाजपा से दूरियां खत्म होने के साथ उपेन्द्र कुशवाहा से उनकी एक शिष्टाचार मुलाकात भी हुई।
भोजपुरी स्टार पवन सिंह के भाजपा का दामन थामने के साथ उनकी पत्नी ज्योति सिंह के भी चुनाव लड़ने के आसार बन रहे हैं। यह अलग बात है कि इन दिनों भोजपुरी स्टार की आपनी पत्नी से बन नही रही है, इसलिये उनकी पत्नी ज्योति किसी ऐसी पार्टी का दामन थाम सकती है जो भाजपा को चुनौती दे सके। ऐसी भी चर्चा है कि किसी पार्टी का चुनाव चिन्ह नही मिलने पर श्रीमती सिंह निर्दलीय भी भाग्य आजमा सकती हैं।
इस बार बिहार के चुनावी रण में भोजपुरी के एक अन्य सुपर स्टार खेसारी लाल यादव के भी उतरने की चर्चा है। श्री यादव पहले ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के खेमे में अपनी हाजिरी दर्ज कर चुके हैं। श्री यादव की तेजस्वी यादव से मुलाकात इस बात की ओर इशारा देती है कि बिहार के चुनावी घमासान में उन्हें उम्मीदवार या स्टार प्रचारक बनाया जा सकता है। इतना ही नही सियासी जगत में यह भी चर्चा है कि खेसारी लाल की पत्नी चंदा देवी छपरा या आसपास की किसी सीट से चुनाव समर में उतर सकती हैं।
इन दो भोजपुरी सुपर स्टारों के साथ चर्चा में तीसरा नाम लोकगीत और भजन गायिका मैथिली ठाकुर का है। पिछले दिनों मैथिली कई नामवर भाजपा नेताओं से मिल चुकी हैं जिनमे फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह का नाम भी शामिल है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई मंचो से मैथिली की गायकी की तारीफ कर चुके हैं और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कबूल किया था कि सुश्री ठाकुर के नाम पर विचार किया जा सकता है।
भोजपुरी फिल्मों के जानेमाने अभिनेता अवधेश मिश्रा भी हाल में जन सुराज पार्टी में शामिल हुये हैं।
मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, गायक रितेश पांडेय और राधेश्याम रसिया के चुनावी रण में कूदने की अटकलें जारी है।बहरहाल गुज़रते वक्त के साथ बिहार के चुनावी समर में फिल्मों, रंगमंच और लोक कलाओं से जुड़े कुछ और नामों के उतरने की घोषणा हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो बिहार में चुनावी पर्व के महीने भर के सफर में जनता को मतदान के साथ मनोरंजन का तड़का भी मिलेगा।