नरेंद्र नारायण यादव सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए

पटना, बिहार के पूर्व मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक नरेंद्र नारायण यादव गुरुवार को सर्वसम्मति से राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गये।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने पूर्वाह्न सत्र के दौरान श्री यादव के सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि श्री यादव पहले इस सत्र के लिए प्रोटेम स्पीकर चुने गए थे और अब उन्हें सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नही किया था, इसलिए उन्हें सबकी सहमति प्राप्त हुई।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्री यादव के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने समर्थन किया।
श्री यादव ने सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद सभी सदस्यों और विधानसभा अध्यक्ष श्री कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।





