बजट में उत्तर बंगाल को क्षेत्रफल और आबादी से अधिक मिलेगा हक: अमित शाह

कोलकाता,  वित्त वर्ष 2026-27 के बजट के पेश होने से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार उत्तर बंगाल को उसके क्षेत्रफल और जनसंख्या के अनुपात से अधिक बजट आवंटन देगी।

सिलीगुड़ी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने उत्तर बंगाल के लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भाजपा सरकार बनने पर क्षेत्र के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मैं उत्तर बंगाल के लोगों से वादा करता हूं कि क्षेत्रफल और आबादी के हिसाब से जितना बजट बनता है, उससे कम से कम एक रुपया अधिक दिया जाएगा। उत्तर बंगाल के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए अमित शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस उत्तर बंगाल को केवल राजस्व कमाने के साधन के रूप में देखती है। उन्होंने कहा, “दीदी के लिए उत्तर बंगाल सिर्फ एक सोने की अंडे देने वाली मुर्गी है। लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं चलेगा। अब विदाई का समय आ गया है। अप्रैल के अंत तक आपको जाना होगा,” कहते हुए उन्होंने राज्य में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी की।

बजट से ठीक पहले दिए गए अमित शाह के बयान को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि सिलीगुड़ी और पूरा उत्तर बंगाल लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। पिछले तीन प्रमुख चुनावों- दो लोकसभा और एक विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस पर बढ़त बनाए रखी है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर बंगाल की आठ में से सात सीटें जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। हालांकि 2024 के आम चुनाव में यह संख्या घटकर छह रह गई और केंद्रीय मंत्री निशीथ अधिकारी भी टीएमसी से हार गए, फिर भी भाजपा का वोट आधार स्थिर और मजबूत बना हुआ है।

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर बंगाल की सुरक्षा, संरक्षा और विकास सुनिश्चित करेगी। सिलीगुड़ी को रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह शहर न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश के लिए अहम है, क्योंकि यह उत्तर-पूर्वी राज्यों का प्रवेश द्वार है। उन्होंने ‘चिकन नेक’ कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी इस क्षेत्र की भौगोलिक अखंडता को चुनौती नहीं दे सकता। उन्होंने कहा, “यह भारतीय भूमि है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। इसे छूने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता।”

अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर शाह ने कहा कि भाजपा न केवल घुसपैठ रोकेगी, बल्कि हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर भेजेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर ) प्रक्रिया से डर रही हैं, क्योंकि इससे राज्य में अवैध प्रवासियों की स्थिति उजागर हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button