जन भवन में छह से आठ फरवरी तक सजेगी फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी

लखनऊ,  जन भवन प्रांगण, लखनऊ में 6 से 8 फरवरी तक 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

प्रदर्शनी का उद्घाटन छह फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की उपस्थिति में किया जाएगा। उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी आमजन के लिए खोल दी जाएगी।

निदेशक उद्यान विभाग भानु प्रकाश राम ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी सदाबहार पौधे, शीतकालीन मौसमी पुष्प, बोनसाई, सक्यूलेंट्स, औषधीय व सुगंधित पौधे, बोगेनविलिया, जैविक शाकभाजी, विशिष्ट फल, कट फ्लावर, पान, शहद तथा फल संरक्षण उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। बच्चों, महिलाओं और मालियों द्वारा की गई आकर्षक सज्जा भी मुख्य आकर्षण रहेगी। प्रविष्टियों का मूल्यांकन विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।

प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जबकि अन्य दर्शकों के लिए 20 रुपये प्रति व्यक्ति का सांकेतिक शुल्क निर्धारित है। टिकटें जन भवन के गेट संख्या-01 पर स्थित काउंटर से नकद या क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त की जा सकेंगी। प्रदर्शनी से संबंधित विस्तृत जानकारी समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button