सरकार के सच को छिपाने की कोशिश में चार दिन से ठप है लोकसभा : मल्लिकार्जुन खरगे

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है और इसकी वजह से चार दिन से लोकसभा की कार्यवाही नहीं चल रही है तथा सदन पंगु बनकर रह गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा की कार्यवाही को चार दिन से पंगु बनाने के लिए सरकार जिम्मेदार है जो विपक्ष के नेता को सदन में नहीं बोलने दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चीनी घुसपैठ पर देश के नेतृत्व पर उठ रहे सवालों से जुड़े सच को छिपाने का लगातार प्रयास कर रही है लेकिन सच को छिपाया नहीं जा सकता है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को यहां सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चार दिन से लोकसभा नहीं चल रही, क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जा रहा है। दोनों सदन के मिलने से ही संसद बनती है और दोनों लोकसभा एवं राज्यसभा ही संसद के स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार अपनी गलतियों को छिपाने के लिए एक सदन को चलने नहीं दे रही है, उसे पंगु बना दिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “मोदी सरकार देश को धोखा दे रही है, देश का अपमान कर रही है। उसके बारे में जब लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी बोलते हैं तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। ये देश और लोकतंत्र के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है।”

इससे पहले पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने भी एक पोस्ट में दोनों सदनों की कार्यवाही के सुचारू संचालन को जरूरी बताते हुए कहा कि लोकसभा और राज्यसभा संसद के दो परस्पर जुड़े स्तंभ हैं। एक के कमजोर होने पर दूसरा भी कमजोर हो जाता है। लोकसभा में विपक्ष के नेता को पिछले चार दिनों से बोलने नहीं दिया गया है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने आज सदन में यह मुद्दा उठाया। राज्यसभा के सभी विपक्षी सांसद विरोध में सदन से बाहर चले गए।

Related Articles

Back to top button