उड्डयन मंत्री से मिले सांसद रमेश अवस्थी, कानपुर–दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट जल्द

कानपुर, कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर कानपुर से दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान शुरू किए जाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कानपुर से कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे के लिए भी सीधी हवाई सेवाएं प्रारंभ करने का आग्रह किया।

सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि औद्योगिक नगरी कानपुर से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, छात्र और आम नागरिक दिल्ली सहित देश के विभिन्न महानगरों की यात्रा करते हैं। वर्तमान में सीमित उड़ानों के कारण यात्रियों को असुविधा होती है, ऐसे में दिल्ली के लिए एक और नियमित फ्लाइट की आवश्यकता है।

इस पर उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने सांसद को आश्वस्त किया कि कानपुर–दिल्ली सेक्टर में एक अतिरिक्त फ्लाइट जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद इंडिगो के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस रूट पर शीघ्र नई उड़ान शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

सांसद रमेश अवस्थी ने कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे जैसे प्रमुख व्यापारिक व शैक्षणिक शहरों के लिए भी सीधी उड़ान सेवाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे कानपुर के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी। मुलाकात के दौरान सिविल एयरपोर्ट के चेयरमैन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कानपुर एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति और संभावित विस्तार योजनाओं की जानकारी मंत्री को दी।

सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से कानपुर को शीघ्र बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शहर के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button