उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर हुआ सेवा तीर्थ

नयी दिल्ली, दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर स्थित उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘सेवा तीर्थ’ कर दिया गया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के नये परिसर का उद्घाटन किया था और इसी समारोह में उद्योग मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘सेवा तीर्थ’ करने की घोषणा की गयी थी।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का नाम नए कॉम्प्लेक्स के अनुरूप बदलकर ‘सेवा तीर्थ’ कर दिया जाएगा।
यह मेट्रो स्टेशन नए बने पीएमओ से लगभग 650 मीटर दूर है और यह नए पीएमओ का सबसे नज़दीकी मेट्रो सम्पर्क बिंदु है। श्री खट्टर ने इस मौके को एक ऐतिहासिक पल बताया है। उन्होंने कहा था, “आज एक पवित्र और शुभ मौका है। यह बदलाव का मौका है। हम सब एक ऐसे पल के गवाह बन रहे हैं जो सालों में नहीं बल्कि कभी-कभी सदियों में आता है। हम खुशकिस्मत हैं कि हम इस दिन का हिस्सा हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन किया। नये परिसर में पीएमओ , कैबिनेट सचिव और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिवालय हैं। प्रधानमंत्री ने कल ही कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का भी उद्घाटन किया था। इन इमारतों में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, विधि एवं कानून और कृषि जैसे अहम मंत्रालय हैं।




