मन की बात कार्यक्रम में कानपुर उत्तर जिले को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान

कानपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें संस्करण के सफल आयोजन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर उत्तर जिले ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
हर माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को बूथ स्तर तक व्यापक रूप से सुनाने, जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक समन्वय के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कानपुर उत्तर जिला प्रदेश में अव्वल रहा। पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। यह कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक ऊर्जा, प्रेरणा और सहभागिता का संदेश पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि कानपुर उत्तर जिले के समर्पित कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक जनसंपर्क कर अधिकतम लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ा, जिसके परिणामस्वरूप जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संगठन की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। भविष्य में भी कानपुर उत्तर जिला इसी प्रकार संगठनात्मक उत्कृष्टता के साथ जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।





