मजबूत आधारभूत संरचना और बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण यूपी में निवेश की अपार संभावना : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य में मजबूत आधारभूत संरचना और बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश की अपार संभावनाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया के बड़े उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक हैं, जो राज्य की बेहतर होती औद्योगिक छवि का प्रमाण है।

बुधवार को मीडिया के साथ बातचीत में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों के दौरे पर है। उन्होंने कहा कि जर्मनी, सिंगापुर और जापान जैसे देशों में निवेशकों के साथ लगातार संवाद हो रहा है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल निवेश आकर्षित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इन दौरों के दौरान लाखों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं और कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए जा चुके हैं, जिन्हें जमीन पर उतारने की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह प्रयास उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने राज्य की जनता की ओर से विदेशी दौरों पर गए प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश का विकास और आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर होना बर्दाश्त नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनता के हित में निरंतर कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button