सिधौली सीएचसी में गंदगी पर भड़के ब्रजेश पाठक, सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीतापुर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को सीतापुर के सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी और पेयजल व्यवस्था की खराब स्थिति देखकर उन्होने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त न हो जाएं, तब तक मौके पर ही रहकर सुधार सुनिश्चित करें। साथ ही सफाई एजेंसी को नोटिस जारी करने और एक सप्ताह का भुगतान रोकने के निर्देश दिए। उन्होने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अस्पताल में एक्स-रे के लिए लंबी कतार देखकर ब्रजेश पाठक नाराज हो गए। उन्होंने तत्काल जनरेटर चालू कराकर एक्स-रे सेवा शुरू करवाई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





