बृजेश पाठक ने मलाबार गोल्ड के सीएसआर कार्यक्रम का किया उद्घाटन

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मलाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम वित्त वर्ष 2026–27 के लिए कंपनी की 200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय सीएसआर प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधि, आमंत्रित अतिथि और स्थानीय समुदाय के सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, भूख उन्मूलन, आवास और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे क्षेत्रों में विभिन्न पहलें संचालित की जा रही हैं।

राज्य में शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए 1,500 छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं। वहीं ‘हंगर फ्री वर्ल्ड’ पहल के तहत 9 शहरों में प्रतिदिन लगभग 3,200 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 144 माइक्रो-लर्निंग सेंटरों के माध्यम से 5,889 छात्रों को शिक्षा सहयोग और 332 पेयजल कुओं के जरिए 5,700 से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इस मौके पर कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक कल्याण पर केंद्रित ऐसी पहलें समाज को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और समावेशी विकास को बढ़ावा देती हैं।

मलाबार समूह के चेयरमैन एम.पी. अहमद ने कहा कि उनकी सीएसआर योजनाएं दीर्घकालिक सामाजिक प्रभाव को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं और उत्तर प्रदेश में इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर कंपनी की 200 करोड़ की सीएसआर योजना में शिक्षा के साथ-साथ खाद्य वितरण, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास परियोजनाएं और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। मलाबार गोल्ड एंड डायमंड्स अपने शुद्ध लाभ का 5 प्रतिशत सामाजिक कार्यों पर व्यय करता है।

कंपनी के अनुसार, देशभर में अब तक उसकी सीएसआर पहलों से 18 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल चुका है और विभिन्न राज्यों में इन कार्यक्रमों का विस्तार जारी है।

Related Articles

Back to top button