वाराणसी में गौशाला की लापरवाही उजागर, मृत गोवंश को नोचता दिखा कुत्ता

वाराणसी, धार्मिक नगरी वाराणसी में एढ़े गांव स्थित कांजीहाउस (गौशाला) में मृत गोवंश को आवारा कुत्ते द्वारा नोचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
इस घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि गौशाला में एक बड़े गोवंश द्वारा दूसरे गोवंश पर हमला किए जाने से उसकी मृत्यु हो गई थी। किसी तरह एक कुत्ता परिसर में घुस गया, जिसका वीडियो सामने आया है।
उन्होंने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अनुसार, गौशाला में 50-60 गोवंश रखने की क्षमता है और इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। नगर आयुक्त ने मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





