विवादित भूमि पर रातोंरात अंबेडकर प्रतिमा स्थापित, हमीरपुर के गांव में तनाव

हमीरपुर, उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र स्थित औडेरा गांव में ग्राम समाज की विवादित भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। प्रतिमा स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं बैठकर रखवाली कर रही हैं।
उपजिलाधिकारी राठ अभिमन्यु कुमार ने बताया कि रविवार देर रात अनुसूचित जाति बस्ती के पास ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा स्थापित कर दी गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। प्रतिमा स्थल पर भारती देवी, कैलाश देवी, मुन्नी देवी, पाना देवी, शकुंतला, भुमानी और प्रेम देवी सहित कई महिलाएं बैठ गईं। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोग प्रतिमा स्थापना का विरोध कर रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल, दरोगा और लेखपाल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। एसडीएम ने कहा कि संबंधित भूमि विवादित है और बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं और महिलाओं को आगे किया गया है।
देर रात तक महिलाएं प्रतिमा स्थल पर डटी रहीं। प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास में जुटा है।





