नितिन नवीन समेत 16 सदस्यों ने राज्यसभा में सदस्यता की शपथ ली

नयी दिल्ली,  राज्यसभा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन समेत 16 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदन की सदस्यता की शपथ ली।

संसद के मौजूदा बजट सत्र में तीन दिन की विशेष बैठक के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नवनिर्वाचित सदस्यों को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलायी गयी। शपथ लेने वालों में असम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन सदस्य तेराश गोवाला, जोगेन मोहन और प्रमोद बोरा शामिल हैं।

बिहार से भाजपा के नितिन नवीन और शिवेश कुमार, जनता दल यूनाइटेड के राम नाथ ठाकुर तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने सदस्यता की शपथ ली।

छत्तीसगढ़ से भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेतम ने शपथ ग्रहण किया।

हरियाणा से कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और भाजपा के संजय भाटिया को शपथ दिलाई गयी।

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के अनुराग शर्मा, महाराष्ट्र से भाजपा के विनोद तावड़े और ओडिशा से भाजपा के सुजीत कुमार ने सदन की सदस्यता ग्रहण की।

तेलंगाना से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली।

Related Articles

Back to top button