दिल्ली में जनगणना की शुरूआत, मकान गणना शुरू

नयी दिल्ली,  राष्ट्रीय राजधानी में जनगणना 2027 के लिए घरों की गिनती गुरुवार से शुरू हो गयी। यह अभियान दो महीने तक जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के पहले चरण को ‘मकान सूचीकरण और आवास जनगणना’ (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) के रूप में जाना जाता है, जिसे 30-30 दिनों के दो अलग-अलग चक्रों में पूरा किया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड (डीसीबी) क्षेत्रों में यह अभियान 16 अप्रैल से 15 मई तक चलेगा। वहीं, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में यह प्रक्रिया इसके तुरंत बाद 16 मई से 15 जून के बीच आयोजित की जाएगी।

इस चरण का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रत्येक इमारत और परिवार बारे में जानकारी इकट्ठा करना है, न कि व्यक्तियों की गिनती करना। जनगणना का कार्य बाद में दूसरे चरण के दौरान किया जाएगा।

कुल 700 से अधिक प्रशिक्षित कर्मी घर-घर जाकर निवासियों से 33 सवाल पूछेंगे। इसमें बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, घर की मालिकाना स्थिति और परिवार के मुखिया का नाम व लिंग जैसे विवरण शामिल होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। गणनाकार सूचनाओं के संग्रह में अधिक दक्षता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अपने मोबाइल पर एक विशेष ऐप का उपयोग करेंगे।

निवासियों के पास आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ-एन्युमरेशन) पूरा करने का विकल्प भी होगा। एनडीएमसी और डीसीबी क्षेत्रों के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई, जिसमें 5000 से अधिक लोगों ने अपनी जानकारी दर्ज की। एमसीडी क्षेत्र के तहत स्व-गणना एक मई से शुरू होगी, जो उस क्षेत्र के लिए वास्तविक गणना कार्य से पखवाड़े भर पहले है।

दिल्ली के सभी जिलों को कवर करते हुए शहर को कई गणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जिसमें शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। इस सर्वेक्षण में घनी आबादी वाली कॉलोनियां, अनधिकृत बस्तियां और झुग्गी बस्तियां भी शामिल होंगी।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि एकत्र की गई सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। जनगणना का दूसरा चरण बाद में शुरू होगा, जिसमें व्यक्तियों की गणना की जाएगी।

Related Articles

Back to top button